भूमिजा हॉल में जिला स्तरीय मिलेट्स मेला व प्रदर्शनी आयोजित, उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसान और एफपीओ सम्मानित.
सीतापुर(संवाददाता)। उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरुद्धार कार्यक्रम और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन के तहत शुक्रवार को भूमिजा बहुउद्देशीय हॉल में जनपद स्तरीय मेला, गोष्ठी, प्रदर्शनी व रेसिपी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही, सिधौली विधायक मनीष रावत और भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। उप कृषि निदेशक डॉ. एस.के. सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि संचालन जिला कृषि रक्षा अधिकारी ने किया।
कम लागत और बेहतर आय का जरिया है मिलेट्स.गोष्ठी को संबोधित करते हुए उप कृषि निदेशक डॉ. एस.के. सिंह ने कहा कि श्री अन्न की खेती में पारंपरिक फसलों की तुलना में कम पानी, नाममात्र रासायनिक उर्वरक और कीटनाशकों की जरूरत पड़ती है। इससे लागत घटती है और बाजार में बेहतर दाम मिलने से किसानों की आय बढ़ती है। उन्होंने रबी 2026 की बुआई के लिए किसानों से निःशुल्क मिनीकिट की त्वरित बुकिंग कराने का आह्वान किया।
वैज्ञानिक तकनीक और मूल्य संवर्धन पर जोर.कृषि विज्ञान केंद्र कटिया के अध्यक्ष डॉ. दयाशंकर श्रीवास्तव ने किसानों को मिलेट्स का उत्पादन बढ़ाने के वैज्ञानिक तौर-तरीके बताए। केवीके वैज्ञानिक डॉ. रीमा ने किसान महिलाओं को मिलेट्स के विभिन्न पौष्टिक व्यंजन तैयार करने और उनके मूल्य संवर्धन की जानकारी दी। प्रगतिशील किसान कमलेश सिंह यादव ने प्राकृतिक खेती के लाभ साझा किए, वहीं सेवानिवृत्त कृषि प्रसार अधिकारी वीरेंद्र सिंह ने मृदा व जल संरक्षण पर प्रकाश डाला।
रेसिपी प्रतियोगिता में खैराबाद की ओजोन एफपीओ अव्वल.अतिथियों ने मेले में लगे विभिन्न स्टालों का अवलोकन किया। मिलेट्स रेसिपी प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए ओजोन फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी खैराबाद को प्रथम, हुनरमंद एफपीओ परसेण्डी को द्वितीय और श्री वामनफेड एफपीओ सिधौली को तृतीय पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार और उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को भी सम्मानित किया गया। अंत में उप कृषि निदेशक ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।



0 टिप्पणियाँ